26 मई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

MP election 2018: जिन्हें पार्टी ने टिकट ही नहीं दिया, उन्होंने पहले ही दिन कर दिया नामांकन पत्र दाखिल

पहले दिन 15 जिलों में 17 नामांकन पत्र हुए दाखिल,चार भाजपा और चार कांग्रेस नेताओं ने भी भरे फार्म...

2 min read
Google source verification
security

MP election 2018: जिन्हें पार्टी ने टिकट ही नहीं दिया, उन्होंने पहले ही दिन कर दिया नामांकन पत्र दाखिल

भोपाल। मप्र विधानसभा निर्वाचन के लिए अधिसूचना जारी होने के साथ ही शुक्रवार को 15 जिलों में 17 नामांकन पत्र दाखिल किए गए हैं। नामांकन पत्र दाखिल करने वालों में 4 भाजपा नेता और 4 कांग्रेस नेता भी शामिल हैं।

जबकि 9 अन्य दलों के प्रत्याशियों ने नामांकन भरा है। भाजपा और कांग्रेस के जिन नेताओं ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया है, उन्हें पार्टी ने अभी तक टिकट नहीं दिया है।

नामांकन पत्र दाखिल करने वाले भाजपा नेताओं में मुरैना से सुबेदार सिंह राजोधा, गुना से प्रदीप कुमार और कोमल प्रसाद शाक्य, धार से सुरेश चंद बंधरी शामिल हैं।

कांग्रेस नेताओं में दमोह से आदित्य सालोमन, सिवनी से मोहन सिंह, छिंदवाड़ा से सोहनलाल बाल्मीक, रतलाम से हर्ष विजय सिंह ने नामांकन पत्र दाखिल किया है। सबसे ज्यादा 3 अभ्यर्थी गुना जिले के हैं।

इंदौर में दो, अशोकनगर, दमोह, बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा, होशंगाबाद, विदिशा, देवास, धार, उज्जैन और रतलाम जिले में एक-एक नामांकन पत्र दाखिल हुए हैं। वहीं विधानसभा चुनाव -2013 में पहले दिन पहले दिन 19 जिलों में 36 नाम-निर्देशन पत्र दाखिल किए गए थे।

18 उम्मीदवारों ने लिए नामांकन फॉर्म
भोपाल. कलेक्टोरेट में शुक्रवार को सातों विधानसभाओं से किसी ने नामांकन फार्म दाखिल नहीं किया। हालांकि 18 अन्य उम्मीदवारों ने फार्म जरूर लिए हैं।

कलेक्टोरेट में गोविंदपुरा, दक्षिण पश्चिम और बैरसिया के नामांकन फार्म दाखिल किए जाएंगे। जबकि अन्य विधानसभाओं के नामांकन उनके एसडीएम कार्यालय में होंगे।

हुजूर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा से रामेश्वर शर्मा के चुनाव लडऩे की घोषणा के बाद भी भाजपा के जीतेंद्र डागा ने नामांकन फार्म लिया है। जबकि यहां से मुन्नी मंगल सिंह और श्याम सिंह मीणा ने भी नामांकन फार्म लिया है।

नरेला से मनोज शुक्ला, प्रमोद राय और मेहरबान सिंह गुर्जर ने नामांकन फार्म लिए हैं। दक्षिण पश्चिम से महेश चंद्र मेहर, प्रदीप खंडेलवाल और राजकुमार पांडे ने नामांकन पत्र लिए।

गोविंदपुरा से इन्होंने लिए फॉर्म:
गोविंदपुरा विधानसभा से पक्ष खामरा, कोमल सिंह मीणा और माया चरडे ने नामांकन लिया है। मध्य विधानसभा के लिए फिदा हुसैन, मुनव्वर कौशल खान और देवेंद्र मिश्रा ने नामांकन पत्र खरीदा है। वहीं उत्तर विधानसभा क्षेत्र के लिए अरजूमंद खानम और हरदीप सिंह ने आवेदन लिए।

इधर,केंद्रीय मंत्री और राज्यमंत्री रिश्तेदार को हटाया...
राज्य शासन ने शुक्रवार को सत्तारूढ़ दल के दो रिश्तेदार आइपीएस अफसरों को हटाया है।

इनमें केंद्रीय राज्यमंत्री वीरेंद्र खटीक के रिश्तेदार 2006 बैच के आइपीएस विवेकराज सिंह को सिवनी एसपी पद से हटाकर पीएचक्यू भोपाल में सहायक पुलिस महानिरीक्षक बनाकर बैठा दिया है।

उनकी जगह ललित शाक्यवार को सहायक पुलिस महानिरीक्षक पीएचक्यू भोपाल से भेजा है।

साथ ही प्रदेश के राज्यमंत्री विश्वास सारंग के साढू भाई अभिषेक राजन को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरसिंहपुर से हटाकर अभिषेक को उपसेनानी 6वीं बटालियन जबलपुर भेज दिया गया है।

इन दोनों के खिलाफ चुनाव आयोग में शिकायत हुई थी। इसके अलावा देवेंद्र प्रताप सिंह राजपूत को सहायक पुलिस महानिरीक्षक शिकायत पीएचक्यू भोपाल से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरसिंहपुर पदस्थ किया गया है।

असम काडर के हैं विवेकराज
विवेकराज असम काडर के आइपीएस हैं। पांच साल के लिए वे प्रतिनियुक्ति पर मध्यप्रदेश आए हैं। सिवनी से पहले वे छतरपुर एसपी थे, लेकिन वीरेंद्र खटीक के संसदीय क्षेत्र में छतरपुर आने के कारण उन्हें सिवनी पदस्थ किया गया था।

अब शिकायत के बाद उन्हें सिवनी से भी हटा दिया गया है। इसके अलावा भी राजनेताओं के कई रिश्तेदार अभी भी तैनात है। इसमें एसपी राजेश सिंह चंदेल जबलपुर की पूर्व महापौर और भाजपा नेत्री सुशीला सिंह के सगे दामाद हैं।